सुंदरनगर के जवाहर पार्क में धूमधाम से मनाया जाएगा उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह स्वतंत्रता सेनानी व उत्कृष्ट विभूतियां होंगी सम्मानित; ‘नशा मुक्त व स्वच्छ सुंदरनगर’ अभियान का होगा आगाज

6/8/2026
मंडी
खबर अभी अभी

उपमंडल सुंदरनगर में 15 अगस्त को उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह जवाहर पार्क में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह में उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) सुंदरनगर अमर नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे तथा प्रातः 11 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम अमर नेगी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी और समयबद्ध व्यवस्थाएं पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।

आकर्षक मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम
समारोह में पुलिस, पूर्व सैनिक, एनसीसी, एनएसएस और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों और स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

‘नशा मुक्त और स्वच्छ सुंदरनगर’ अभियान का शुभारंभ
एसडीएम अमर नेगी ने बताया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नशा मुक्ति अभियान के साथ-साथ ‘स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त सुंदरनगर’ विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण की रोकथाम और स्वच्छता के प्रति आम जनता को जागरूक करना है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से समारोह स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने और इस राष्ट्रीय पर्व में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियां होंगी सम्मानित
समारोह के दौरान उपमंडल के स्वतंत्रता सेनानियों, समाजसेवियों, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं और सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

इस तैयारी बैठक में तहसीलदार अंकित शर्मा, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा कई प्रशासनिक विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Share the news