
6/8/2026
नेरचौक (मंडी)
खबर अभी अभी
प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनसहयोग की एक मिसाल पेश करते हुए ग्राम पंचायत ट्रोह के 22 वर्षीय दिव्यांग युवक तनुज कुमार को नई व्हीलचेयर और आवश्यक राहत सामग्री प्रदान की गई है। इस त्वरित पहल ने बीपीएल परिवार से ताल्लुक रखने वाले तनुज के जीवन में नई उम्मीद जगा दी है।
वार्ड सदस्य की पहल पर हुई त्वरित कार्रवाई
ग्राम पंचायत ट्रोह के वार्ड नंबर 3 की वार्ड सदस्य श्रीमती शीला देवी ने एसडीएम कार्यालय को सूचित किया था कि निर्धन परिवार से संबंधित तनुज कुमार की पुरानी व्हीलचेयर पूरी तरह खराब हो चुकी है, जिससे उन्हें दैनिक दिनचर्या में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तनुज को जल्द नई व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।
रेड क्रॉस सोसाइटी और प्रशासन का मिला सहयोग
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत जिला रेड क्रॉस सोसाइटी मंडी से समन्वय स्थापित किया। उपायुक्त मंडी के मार्गदर्शन तथा श्री ओ. पी. भाटिया के सहयोग से तनुज कुमार को नई व्हीलचेयर उपलब्ध करवाई गई। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को कंबल, बेडशीट, तकिए और अन्य आवश्यक राहत सामग्री भी सौंपी गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि समय पर सही सूचना मिलने और रेड क्रॉस व समाज के समन्वित प्रयासों से ही जरूरतमंद लोगों तक तुरंत सहायता पहुंचाना संभव हो पाता है। जनप्रतिनिधि और प्रशासन के इस साझा प्रयास की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।







