
6/8/2026
धर्मशाला
खबर अभी अभी
स्वतंत्रता सेनानी एवं आजाद हिंद फौज के प्रसिद्ध संगीतकार कैप्टन राम सिंह ठाकुर को मरणोपरांत देश के प्रतिष्ठित ‘पद्मश्री’ सम्मान से नवाजने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। धर्मशाला में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कैप्टन राम सिंह ठाकुर मेमोरियल विकास समिति, खनियारा के अध्यक्ष विजय शमशेर भंडारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कैप्टन राम सिंह ठाकुर को पद्मश्री सम्मान दिलाने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। हिमाचल पंजाब गोरखा एसोसिएशन (HPGA) की ओर से सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार कर राज्य सरकार को भेज दिए गए हैं, जिन्हें राज्य सरकार के माध्यम से जल्द ही केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय सामने आएगा।
13 से 15 अगस्त तक खनियारा में फुटबॉल टूर्नामेंट
विजय शमशेर भंडारी ने बताया कि कैप्टन राम सिंह ठाकुर की पावन स्मृति में 13 से 15 अगस्त तक खनियारा में तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में करीब 15 से 16 नामी टीमें भाग लेंगी। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए मैदान में वॉटरप्रूफ टेंट, चिकित्सा सुविधा और रिफ्रेशमेंट सहित सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि कैप्टन राम सिंह ठाकुर के संगीतमय योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से समिति भविष्य में उनके नाम पर प्रदेश स्तरीय संगीत प्रतियोगिता आयोजित करने पर भी विचार कर रही है।
ये होंगे मुख्य अतिथि
टूर्नामेंट के शेड्यूल के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि:
13 अगस्त (उद्घाटन दिवस): सेवानिवृत्त डीआईजी विनोद बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
14 अगस्त: कर्नल महेश गुरुंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
15 अगस्त (समापन समारोह): समापन अवसर के मुख्य अतिथि के नाम की घोषणा जल्द ही की जाएगी।





