विजिलेंस FIR और CM पर टिप्पणी से गरमाई सियासत: धर्मशाला में सुधीर शर्मा के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन देवेंद्र जग्गी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी; पुतला जलाने का प्रयास पुलिस ने किया विफल

6/8/2026
धर्मशाला
खबर अभी अभी

विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद क्षेत्र में सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। शिमला में भाजपा की रैली के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में वीरवार को धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया।

पुतला जलाने का प्रयास, पुलिस ने रोका
कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौक पर विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला जलाने का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पुतला जलाने से रोक दिया।

एफआईआर दर्ज होने की बौखलाहट में बयानबाज़ी: देवेंद्र जग्गी
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग अत्यंत निंदनीय है और यह विधायक की बौखलाहट का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विजिलेंस में दर्ज एफआईआर के दबाव के कारण ही सुधीर शर्मा इस तरह की बयानबाजी पर उतर आए हैं।

निष्पक्ष जांच जारी, जनता देगी जवाब
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि वर्तमान सरकार आय से अधिक संपत्ति के मामलों में पूरी निष्पक्षता से कार्रवाई कर रही है, और जिस किसी पर भी ऐसे आरोप हैं, उसकी गहनता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई किसी भी तरह की अभद्र टिप्पणी को कांग्रेस पार्टी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी तथा इसका मुंहतोड़ जवाब धर्मशाला की जनता देगी।

Share the news