
24 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू।

प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के विरोध में गुरुवार को कुल्लू जिला भाजपा संयुक्त मोर्चा ने प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यालय से शुरू हुआ विरोध मार्च ढालपुर चौक तक पहुंचा। प्रदर्शन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। भाजपा नेताओं ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को लेकर अब प्रदेश की जनता सरकार से जवाब मांग रही है।
पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी जनहित के विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू की जनता और हिमाचल के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा जनता के बीच अपनी आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंकने का प्रयास भी किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें पुतला फूंकने से रोक दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान की स्थिति भी बनी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ पार्टी का विरोध आगे भी जारी रहेगा और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यकर्ता लगातार आवाज उठाते रहेंगे।
खबर अभी अभी के लिए कुल्लू से सुशांत शर्मा।





