हमीरपुर जिला लाइब्रेरी में बढ़ी पढ़ने वालों की संख्या, 50 से 70 छात्रों के लिए तैयार किया नया स्पेस

हमीरपुर | 13 अगस्त 2026
खबर अभी अभी


हमीरपुर जिला पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त अध्ययन क्षेत्र तैयार किया है। नए स्पेस में करीब 50 से 70 लोगों के बैठकर पढ़ने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन का कहना है कि युवाओं को शांत और सुविधाजनक माहौल में पढ़ाई के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराना इसका उद्देश्य है।

जिला मुख्यालय स्थित पुस्तकालय में इन दिनों बड़ी संख्या में युवा घंटों बैठकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। युवाओं का कहना है कि घर के मुकाबले पुस्तकालय में पढ़ाई के लिए अधिक शांत और एकाग्र माहौल मिलता है।

कम खर्च में आधुनिक सुविधाएं

हमीरपुर में निजी पेड लाइब्रेरियों का चलन भी बढ़ रहा है, जहां छात्रों को हर महीने करीब 1,500 रुपये तक शुल्क देना पड़ता है। इसके मुकाबले जिला पुस्तकालय में कम खर्च में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है।

जिला पुस्तकालय में लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग अध्ययन क्षेत्र बनाए गए हैं। पुस्तकालय में विभिन्न विषयों की किताबों के साथ इंटरनेट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। बहुमंजिला भवन में अलग-अलग हॉल बनाए गए हैं, जिससे छात्रों को अपनी जरूरत के अनुसार अध्ययन का स्थान मिल सके।

नए स्पेस में लगाया गया फर्नीचर

उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि पुस्तकालय में बढ़ती संख्या को देखते हुए कुछ कमरों को अतिरिक्त बैठने की सुविधा के लिए तैयार किया गया है। इसके लिए नया फर्नीचर भी लगाया गया है, ताकि अधिक युवाओं को पुस्तकालय में पढ़ने की सुविधा मिल सके।

Share the news