हमीरपुर में भारी बारिश से 48 घंटों में 11.25 करोड़ से अधिक का नुकसान, सीजन में आंकड़ा 71.26 करोड़ के पार

खबर अभी अभी | 03 सितंबर 2026 | हमीरपुर

हमीरपुर। जिला हमीरपुर के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश से 7 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। वहीं, पिछले 48 घंटों में जिलेभर में सरकारी और निजी संपत्ति को हुए नुकसान का आंकड़ा 11.25 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है।

एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार गत 48 घंटों के दौरान जिले में 11.25 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इस दौरान एक कच्चा मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि दो गौशालाएं ध्वस्त हुई हैं।

बारिश से लोक निर्माण विभाग को लगभग 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं को करीब 1.24 करोड़ रुपये की क्षति पहुंची है, जबकि बिजली की लाइनों को भी लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

एडीसी ने बताया कि 30 जून के बाद से इस मॉनसून सीजन में जिला हमीरपुर में सरकारी और निजी संपत्ति को हुए नुकसान का आंकड़ा 71.26 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इनमें लोक निर्माण विभाग को सबसे अधिक 45.33 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जल शक्ति विभाग को 23.42 करोड़ रुपये, बिजली बोर्ड को 1.13 करोड़ रुपये, नेशनल हाईवे को 50.22 लाख रुपये और शिक्षा विभाग को 17.70 लाख रुपये की क्षति हुई है।

बागवानी फसलों को भी बारिश से नुकसान पहुंचा है। विभाग को अब तक 43.56 लाख रुपये के नुकसान की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इसके अलावा एक पंचायत घर के गिरने से करीब 3.50 लाख रुपये और दो किचन शैड गिरने से लगभग 65 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है।

इस मॉनसून सीजन में अब तक एक पक्का मकान और छह कच्चे मकान पूरी तरह ध्वस्त हुए हैं, जिससे करीब 14.45 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं, 28 अन्य कच्चे मकानों और पांच पक्के मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है, जिससे लगभग 15.07 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

बारिश के कारण चार डंगे भी गिर गए हैं, जिनसे करीब 2.40 लाख रुपये की क्षति हुई है। इसके अलावा 32 गौशालाओं के ध्वस्त होने से लगभग 8.85 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट तुरंत प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य प्रभावित लोगों तक राहत एवं सहायता शीघ्र पहुंचाना है। प्रशासन ने सभी विभागों को नुकसान का आकलन तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।

Share the news