हिमाचल की 66 फीसदी बुजुर्ग महिलाएं बिना संपत्ति के, 75 के पास नहीं बचत

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

14 जून 2023

HelpAge India reveals that 75 percent old woman have no property in himachal pradesh

हिमाचल की 75 फीसदी बुजुर्ग महिलाओं के पास कोई बचत नहीं है। 66 फीसदी महिलाएं ऐसी हैं, जिनके पास संपत्ति भी नहीं है। इसके चलते वह खुद को वित्तीय तौर पर असुरक्षित महसूस करती हैं। वीरवार को मनाए जाने वाले विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस से ठीक पहले यह चौंकाने वाले खुलासे हेल्प एज इंडिया संस्था ने किए हैं।

संस्था ने बुधवार को खलीनी में देश भर की 60 साल से अधिक आयु की बुजुर्ग महिलाओं पर करवाए गए सर्वेक्षण की रिपोर्ट सार्वजनिक की। इसमें कई हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं। इसके अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर 50 फीसदी तो प्रदेश में 66 फीसदी वृद्ध महिलाएं दुर्व्यवहार का शिकार हो रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर 40 फीसदी और प्रदेश में 17 फीसदी बुजुर्ग महिलाओं से दुर्व्यवहार के मुख्य अपराधी उनके अपने बेटे हैं। दुर्व्यवहार का सामना करने के बावजूद हिमाचल में 58 फीसदी महिलाओं ने इसकी रिपोर्ट नहीं की।

हेल्प एज इंडिया के राज्य प्रमुख डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल में 94 फीसदी बुजुर्ग महिलाएं अपने परिवार के साथ रह रही हैं, 3 फीसदी अकेले रहती हैं। इस कार्यक्रम में राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की एडीजीपी आईपीएस अधिकारी सतवंत अटवाल त्रिवेदी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

संस्था के अनुसार यह सर्वेक्षण पेशेवर अनुसंधान एजेंसी इप्सोस रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड ने किया है। इसमें 20 राज्यों, 2 केंद्र शासित प्रदेशों और पांच मेट्रो शहरों में ग्रामीण और शहरी भारत दोनों को शामिल किया गया है। इसमें कुल 7,911 महिलाओं के साथ बातचीत के बाद यह रिपोर्ट तैयार की गई है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news