
31/7/206
शिमला
खबर अभी अभी
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश जानलेवा साबित हो रही है। चंबा जिले में पहाड़ी से गिरी विशाल चट्टानों की चपेट में आने से एक कार सवार दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, जिले के सलूणी क्षेत्र में एक युवती उफनते नाले में बह गई, जिसकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दंपत्ति अपनी बेटी के साथ मंदिर में दर्शन कर कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानें और मलबा उनकी कार पर आ गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दंपत्ति को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल बेटी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सलूणी में नाले में बही युवती
उधर, चंबा जिले के सलूणी उपमंडल में लगातार बारिश के बीच एक 24 वर्षीय युवती उफनते संघणी नाले को पार करते समय तेज बहाव में बह गई। बताया जा रहा है कि वह भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही थी। नाला पार करते समय उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहा है और समाचार लिखे जाने तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
प्रदेश में लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन, सड़कें बंद होने और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की घटनाएं सामने आ रही हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही राहत एवं बचाव दलों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।






