अब मनमर्जी से दाम तय नहीं कर सकेंगे विक्रेता

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

18 मई 2023

सोलन में मुनाफाखोर व्यापारी और सब्जी विक्रेता अब मनमर्जी से सब्जियों समेत राशन के दाम नहीं वसूल सकेंगे। सरकार ने खाद्य आपूर्ति विभाग को फिर से जांच के आदेश दे दिए हैं। इसके तहत अब विभाग की टीमें राशन और सब्जी विक्रेताओं की मूल्य सूची की जांच करेंगी। वहीं थोक विक्रेताओं को भी रजिस्टर तैयार करना होगा। इन आदेशों के मिलते ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने कमर कस ली है और टीमों को भी बना दिया है। यह टीमें जल्द ही दुकानों का औचक निरीक्षण करेंगी। इस दौरान नियमों के विरुद्ध कार्य करने पर दुकानदारों से सख्ती से भी निपटा जाएगा।

इन दिनों बाजार में सब्जी समेत अन्य सामान काफी महंगे दामों पर लोगों को मिल रहे थे। लोगों की ओर से दुकानदारों की मनमर्जी के दाम वसूलने की शिकायतें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को मिल रही थीं। वहीं लोग शिकायत कर रहे थे कि किसी भी दुकानदार की ओर से रेट लिस्ट नहीं लगाई जा रही है। ऐसे में यह शिकायतें विभाग की ओर से उच्चाधिकारियों को भेजी गई। ज्यादा जानकारी देते हुए जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने बताया की सब्जी की अधिक दरे होने पर उन पर कार्यवाही की जाएगी।सरकार ने ऐसा कदम मुनाफाखोरी और जमाखोरी को रोकने के लिए उठाया है, ताकि लोगों को सही दामों पर सामान मिल सके।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news