
17 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
ओच्छघाट, सोलन

स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट विद्यालय ओच्छघाट के छात्र आरुष का एनआईटी हमीरपुर में मैथेमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम में चयन होने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार ने आरुष की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्री घनश्याम शर्मा ने आरुष को सम्मानित किया और उसकी सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आरुष ने अपनी मेहनत और लगन से विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने छात्र के आगामी शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
आरुष ने हाल ही में जेईई एडवांस परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। एनआईटी हमीरपुर में प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम में चयन को उसकी शैक्षणिक मेहनत और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का परिणाम माना जा रहा है।
आरुष की उपलब्धि पर उसकी माता ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और सभी अध्यापकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन, सहयोग और लगातार प्रोत्साहन से आरुष को अपनी तैयारी में काफी मदद मिली।
इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य घनश्याम शर्मा ने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों को जेईई, नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी करवाने के उद्देश्य से साइंस लाइब्रेरी स्थापित की गई है। विद्यार्थी नियमित रूप से इस सुविधा का उपयोग कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवश्यक संसाधन और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना है। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करने के प्रयास जारी रखेगा।
आरुष की इस उपलब्धि से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी उत्साह का माहौल है। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि आरुष भविष्य में भी इसी तरह सफलता हासिल कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करेगा।





