ऑर्ट ऑफ लिविंग द्वारा सुंदरनगर में भव्य भजन संध्या एवं महासत्संग का आयोजन

खबर अभी अभी
मंडी ,
ऑर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक पूजनीय गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के 70वें जन्मदिवस एवं ऑर्ट ऑफ लिविंग संस्था की 45वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ऑफिसर क्लब, सुंदरनगर (मंडी) में भव्य भजन संध्या एवं महासत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु पूजा के साथ हुआ, जिसके पश्चात महासत्संग एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं।

सत्संग में उपस्थित लोगों ने भजनों एवं आध्यात्मिक वातावरण का भरपूर आनंद लिया। पूरे परिसर में भजनों की मधुर गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में मंडी एवं बिलासपुर जिलों से बड़ी संख्या में ऑर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर समाज हित, मानव कल्याण एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले मंडी एवं बिलासपुर जिलों के कई “Unsung Heroes” को ऑर्ट ऑफ लिविंग संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में सलापड़, जिला मंडी के श्री सत्य प्रकाश शर्मा, जिन्होंने अनेक बाल अनाथ आश्रमों का संचालन किया है, शामिल रहे। इसके अतिरिक्त मंडी के छपराहण क्षेत्र की भावना कुमारी, जो कबड्डी वर्ल्ड कप विजेता हैं, को भी सम्मानित किया गया।

वहीं बिलासपुर से श्री सुनील कुमार (प्रगति सेवा समाज समिति), श्री पवन बरूर (नेहा सोसाइटी) तथा खेल क्षेत्र से जुड़ी अंशुधा को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। संपूर्ण आयोजन आध्यात्मिकता, सेवा एवं सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण बना।

Share the news