
कनिहार में पंचायत चुनाव-2026 के दौरान बैलेट पेपर गायब होने का गंभीर मामला सामने आया है। विकास खंड कुनिहार में बैलेट पेपर लेखन कार्य के दौरान दो मतपत्र गायब पाए जाने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने चुनाव ड्यूटी में तैनात आठ कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाना कुनिहार में एफआईआर दर्ज करवाई है। इनमें संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) भी शामिल हैं। साथ ही सभी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खनलग के वार्ड नंबर-4 के लिए जारी किए गए दो बैलेट पेपर जांच के दौरान गायब पाए गए। खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि पंचायत के लिए बैलेट पेपर क्रम संख्या 5265516 से 5265670 तक जारी किए गए थे। जांच के दौरान इनमें से क्रम संख्या 5265669 और 5265670 के दो मतपत्र नहीं मिले।
बताया जा रहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के तहत पंचायत चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए विकास खंड स्तर पर विशेष समिति गठित की गई थी। 16 मई से विकास खंड मुख्यालय कुनिहार में बैलेट पेपर लेखन कार्य शुरू किया गया था, जहां विभिन्न पंचायतों के लिए कर्मचारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
प्रशासन के अनुसार बैलेट पेपर आवंटन टीम द्वारा जांच के दौरान संबंधित एआरओ को जारी किए गए दो मतपत्र कम पाए गए। इसकी सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने का फैसला लिया।
मामले के सामने आने के बाद चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आठ कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि एफआईआर की प्रति मिलने के बाद सभी कर्मचारियों के चुनाव ड्यूटी आदेश रद्द कर दिए गए हैं और उन्हें उनके मूल विभागों में वापस भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं ग्राम पंचायत खनलग के लिए नए एआरओ की नियुक्ति भी कर दी गई है, ताकि चुनाव प्रक्रिया प्रभावित न हो।
खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर गुम होना अत्यंत गंभीर मामला है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले से जुड़े सभी रिकॉर्ड और दस्तावेज पुलिस को सौंपे जा रहे हैं।
वहीं डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने बताया कि बैलेट पेपर गुम होने की शिकायत पर पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।





