औहर पंचायत विवाद: प्रधान-उपप्रधान ने एसपी से मांगी सुरक्षा, SC/ST एक्ट की एफआईआर को बताया निराधार

29/7/2026
बिलासपुर
खबर अभी अभी

बुधवार को ग्राम पंचायत औहर का एक प्रतिनिधिमंडल, प्रधान देशराज शर्मा एवं उपप्रधान के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने औहर पंचायत में हाल ही में हुए विवाद से संबंधित घटनाक्रम से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया।

प्रधान देशराज शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि गौरव शर्मा के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर पूरी तरह निराधार है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर मामले के सभी तथ्यों को सामने लाने की मांग की।

प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से प्रेमलता के परिवार की ओर से लगातार कथित धमकियां मिल रही हैं। उनका कहना है कि यदि उनके, उपप्रधान या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित पक्ष की होगी।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से अपने परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया की प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है। संबंधित पक्षों के आरोपों और शिकायतों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share the news