
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
27 अगस्त 2023

मां के लिए नया घर बनाने के लिए सैंज का दिलीप हजारों मील दूर अल्बानिया जाएगा। यूरोप में स्थित इस देश में वह खून-पसीना बहाकर घर बनाने के लिए पाई-पाई जोड़ेगा। बीते माह 10 जुलाई को पिन पार्वती नदी में आई बाढ़ से सैंज बाजार में 30 वर्ष के दिलीप का पुश्तैनी घर और जमीन जमींदोज हो गए। अब उसके पास न सिर छिपाने के लिए घर और न ही घर बनाने के लिए जमीन बची है।
15 सदस्यों वाला दिलीप का परिवार एनएचपीसी की कॉलोनी में रह रहा है। उसके पास नया मकान बनाने के लिए पैसा भी नहीं है। बुजुर्ग मां शुब्दू देवी को उम्र के इस पढ़ाव में तरसता देख बेटे दिलीप ने विदेश जाकर पैसा कमाकर नया घर बनाने का निश्चिय किया है। दिलीप का अल्बानिया के लिए वर्किंग वीजा लग गया है।
दिलीप ने कहा कि मां के दिल में पुश्तों की संपत्ति नष्ट होने का गम घर कर गया है। वह न आराम से सोती हैं और न बैठती है। हाल ही में जमा पूंजी से दो मंजिल का नया मकान बनाया था। नीचे की मंजिल में दुकानें भी थीं। बाढ़ सब कुछ बहा कर ले गई। अब वह मां को इस हालत में नहीं देख सकता। सरकारी मदद और कड़ी मेहनत कर भी घर जल्दी नहीं बन सकता और बिना जमीन बैंक भी ऋण नहीं देता है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





