
4/8/2026
कांगड़ा
खबर अभी अभी
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी ऋतुराज गोविंद झा ने मंगलवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के चौगान स्थित कला मंच से ‘हिमाचल जोड़ो सदस्यता अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी अजय राजपूत सहित पार्टी के प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान करीब 125 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पत्रकारों से बातचीत में ऋतुराज गोविंद झा ने बताया कि ‘हिमाचल जोड़ो सदस्यता अभियान’ की शुरुआत 2 अगस्त को मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र से की गई थी। इसके बाद अब अभियान को कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के जयसिंहपुर से आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में अपने संगठन का विस्तार कर रही है और वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं को ₹1,500 प्रतिमाह देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों से गोबर और दूध खरीदने तथा स्टार्टअप योजना जैसे कई वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं। उन्होंने प्रदेश में स्कूल बंद होने के मुद्दे को भी उठाया।
ऋतुराज गोविंद झा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां 300 यूनिट मुफ्त बिजली, मोहल्ला क्लीनिक, महिला सम्मान राशि, स्कूल ऑफ एमिनेंस, आउटसोर्स कर्मचारियों का नियमितीकरण, किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं, भ्रष्टाचार विरोधी अभियान, खेल परिसरों का निर्माण, मुफ्त कैशलेस इलाज और सड़क विकास जैसे कार्य किए गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को सत्ता में लाने के लिए तैयार है। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।





