झूठे मुकदमों से नहीं डरेगी भाजपा, जनता की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही सरकार : सुधीर शर्मा

5/8/2026
शिमला | खबर अभी अभी

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा के जन आंदोलन के दौरान भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने राज्य सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जेल जाने से नहीं डरते। उन्होंने कहा कि झूठे मुकदमे दर्ज कर या जेल भेजकर भाजपा की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता।

सुधीर शर्मा ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री को लगता है कि विपक्ष को झूठे मामलों में फंसाकर जनहित के मुद्दों को उठाने से रोका जा सकता है, तो यह उनकी गलतफहमी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और प्रदेश हित की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज कर केवल प्रतिशोध की राजनीति में लगी हुई है। उनके अनुसार प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार का ध्यान नहीं है, जबकि विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

भाजपा विधायक ने दावा किया कि पार्टी द्वारा कांग्रेस सरकार के कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों को उजागर किए जाने तथा तैयार की जा रही चार्जशीट से सरकार घबरा गई है। इसी कारण भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

सुधीर शर्मा ने कहा, “अगर सरकार में दम है तो हमें जेल भेज दे, लेकिन भाजपा न डरने वाली है और न ही झुकने वाली है। हम प्रदेश हित और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार संघर्ष करते रहेंगे।”

उन्होंने कहा कि भाजपा का आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा, जनता की आवाज़ बुलंद करने और कांग्रेस सरकार की कथित प्रतिशोध की राजनीति के विरोध में चलाया जा रहा है।

Share the news