ठियोग में हथियार दिखाकर धमकाने और वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में तीन गिरफ्तार

18 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
ठियोग

ठियोग के गुलु के समीप पार्किंग में हथियार दिखाकर धमकाने और दो वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस थाना ठियोग ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई अभियोग संख्या 115/2026 के तहत की है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता ने थाना ठियोग में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग वाहनों में पार्किंग स्थल पर पहुंचे और हथियार होने की बात सामने आने के बाद शिकायतकर्ता और उसके साथियों को धमकाया। इसके बाद आरोपी मौके से चले गए।

शिकायत के मुताबिक, कुछ समय बाद जब शिकायतकर्ता और उसके साथी वापस पार्किंग स्थल पर पहुंचे तो उनकी दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त मिलीं।

आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 309(4), 351(2), 324(2) बीएनएस और धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 18 अगस्त को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रान्त शर्मा (27), वंश शर्मा (21) और किंशुक शर्मा (24) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ठियोग, जिला शिमला के रहने वाले हैं।

बुधवार को अदालत में पेश होंगे आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को 19 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस हिरासत रिमांड मिलने पर मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि, आवश्यक बरामदगी और अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए आगे की जांच की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि मामले में अन्वेषण जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Share the news