दून की 9 सड़कों को मिली नई रफ्तार, एक करोड़ की मंजूरी पर विधायक रामकुमार ने जताया आभार

खबर अभी-अभी | 21 अगस्त, 2026 |सोलन

दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत क्षेत्र के 9 सड़क कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

विधायक रामकुमार चौधरी ने कहा कि इन विकास कार्यों से दून विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर यातायात सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है।

विधायक ने दून विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे सहयोग पर मुख्यमंत्री का पुनः धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की शेष विकासात्मक आवश्यकताओं को भी चरणबद्ध तरीके से सरकार के समक्ष उठाया जाता रहेगा।

रामकुमार चौधरी ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री भविष्य में भी दून विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए अन्य विकास कार्यों और नए संपर्क मार्गों को भी शीघ्र स्वीकृति प्रदान करेंगे।

Share the news