
18 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
नेरचौक, मंडी

नेरचौक के भंगरोटू स्थित डे-केयर सेंटर में विशेष बच्चों के लिए फिजियोथेरेपी की नई पहल शुरू की गई है। IndiaCares के सहयोग से शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक कार्य दिवस बच्चों के लिए एक घंटे का फिजियोथेरेपी सत्र आयोजित किया जाएगा।
यह सत्र अगले दो महीनों तक नियमित रूप से जारी रहेंगे। इसके बाद बच्चों की प्रगति का आकलन किया जाएगा। पहल का उद्देश्य बच्चों की गतिशीलता, शारीरिक क्षमता, संतुलन, समन्वय और समग्र स्वास्थ्य में सुधार लाना है।
नियमित फिजियोथेरेपी से बच्चों को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम के तहत बच्चों की जरूरतों के अनुसार फिजियोथेरेपी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। नियमित अभ्यास के माध्यम से बच्चों की शारीरिक गतिविधियों और संतुलन में सुधार लाने के साथ उनकी दैनिक गतिविधियों को अधिक सहज बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस पहल के माध्यम से बच्चों को नियमित देखभाल और आवश्यक शारीरिक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है।
सहयोग के लिए जताया आभार
इस पहल को संभव बनाने के लिए IndiaCares और एक गुमनाम दानदाता के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही शीतल कोहली और डॉ. आनंद के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रयासों के लिए भी विशेष धन्यवाद दिया गया।
आयोजकों ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर देखभाल, समान अवसर और अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने का अधिकार है। इस तरह की पहल विशेष बच्चों के शारीरिक विकास और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।






