भाजपा ने तय की आगामी अभियानों की रणनीति, 2 अगस्त से हिमाचल में शुरू होगा ‘समरसता अभियान’

29/7/2026
ऊना
खबर अभी अभी

भारतीय जनता पार्टी जिला ऊना की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय दीपकमल में जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी महीनों में पार्टी द्वारा चलाए जाने वाले विभिन्न अभियानों की रणनीति तैयार की गई। बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, भाजपा नेता प्रोफेसर रामकुमार सहित जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि संत गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व वर्ष के उपलक्ष्य में भाजपा पूरे देश में ‘समरसता अभियान’ चलाएगी। हिमाचल प्रदेश में इस अभियान का शुभारंभ 2 अगस्त को संतोषगढ़ स्थित गुरु रविदास मंदिर से किया जाएगा। इस दौरान वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जी के जन्मस्थान से लाई गई पवित्र मिट्टी और कलश की विधिवत पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद प्रदेशभर में विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर कलश यात्राएं निकालकर सामाजिक समरसता और सौहार्द का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जाने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को भी इस वर्ष व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा तथा युवाओं, महिला मोर्चा, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी से तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।

सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं, अधूरे विकास कार्यों, भ्रष्टाचार और जनविरोधी निर्णयों को जनता के सामने लाने के लिए भाजपा ने चार्जशीट कमेटी का गठन किया है। समिति के सदस्य प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर जनता से संवाद करेंगे और विभिन्न मुद्दों पर जानकारी एकत्र करेंगे।

उन्होंने बताया कि ऊना विधानसभा क्षेत्र के पेखूबेला में प्रस्तावित 32 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना में सामने आई कथित अनियमितताओं तथा स्थानीय जनहित से जुड़े मुद्दों को भी चार्जशीट में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेशभर के लंबित विकास कार्यों और जनसमस्याओं को भी दस्तावेज का हिस्सा बनाया जाएगा। अगले तीन महीनों में यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद चार्जशीट प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को सौंपी जाएगी और फिर इसे सार्वजनिक कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Share the news