
खबर अभी अभी | 24 अगस्त, 2026 | सोलन

मुरारी लाल नर्सिंग कॉलेज, सोलन में तनाव प्रबंधन (Stress Management) विषय पर एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दैनिक जीवन में बढ़ते मानसिक तनाव को समझना और उसे प्रभावी तरीके से कम करने के उपायों के प्रति छात्राओं एवं स्टाफ को जागरूक करना था।
सेमिनार में कॉलेज की 200 से अधिक छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। मेंटल हेल्थ नर्सिंग की विशेषज्ञ अर्पणा नड्डा कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने उपस्थित छात्राओं और स्टाफ सदस्यों के साथ तनाव प्रबंधन को लेकर अपने विचार साझा किए तथा तनाव मुक्त रहने के लिए विभिन्न सुझाव दिए।
अर्पणा नड्डा ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने दैनिक जीवन, पढ़ाई और काम के दबाव के कारण उत्पन्न होने वाले तनाव की समय पर पहचान करने पर जोर दिया।
उन्होंने मेडिटेशन और टाइम मैनेजमेंट सहित कुछ सरल एवं प्रभावी तरीके बताए, जिनकी सहायता से छात्र और स्टाफ सदस्य अपने रोजमर्रा के जीवन में तनाव को कम कर सकते हैं।
कॉलेज के प्राचार्य रघुनंदन सिंह ने कहा कि शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और सकारात्मक संवाद बहुत जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि जब भी तनाव महसूस हो तो अपने दोस्तों, परिवार या सहकर्मियों से खुलकर बात करनी चाहिए।
कार्यक्रम में छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और तनाव को सकारात्मक तरीके से नियंत्रित कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।





