
राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में सोमवार को उपायुक्त एवं राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेला समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले के आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेला 23 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक सराहां में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्री वामन भगवान की भव्य शोभायात्रा, खेल प्रतियोगिताएं, दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे।
उपायुक्त ने मेले के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन करने के निर्देश दिए तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, परिवहन एवं बस सेवाओं, साफ-सफाई, अग्निशमन तथा चिकित्सा सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने को कहा।
उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं अन्य लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा लोगों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले के दौरान उपमंडलाधिकारी पच्छाद को मेला अधिकारी तथा पुलिस उप अधीक्षक पच्छाद को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपमंडलाधिकारी पच्छाद प्रियंका चंद्रा ने बैठक का संचालन किया। बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, जिला परिषद उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी, दयाल प्यारी, नीलम शर्मा, तहसीलदार पच्छाद प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मेला आयोजन से जुड़े सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






