
8/8/2026
काँगड़ा
खबर अभी अभी
आज दिनांक 07/082026 को श्री लाल बहादुर शास्त्री आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के शिशु रोग विभाग द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह-2026 के अन्तर्गत इस सप्ताह के समापन पर एक जागरूकता कार्यशाला का अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉक्टर राजेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जिनके साथ शिशु रोग विभागाध्यक्ष डाॅ. विनोद कुमार व सभी संकाय सदस्य (फैकल्टी), नर्सिंग स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने भी इस समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कई रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें स्नातक (अंडरग्रेजुएट) छात्रों के लिए क्विज प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, भाषण (Declamation) प्रतियोगिता और पोस्टर-मेकिंग प्रतियोगिता मुख्य रूप से शामिल रहीं।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और शानदार भागीदारी के लिए प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम का एक सबसे महत्वपूर्ण और भावुक क्षण वह था, जब ‘व्यापक स्तनपान प्रबंधन केंद्र’ (Comprehensive Lactation Management Centre) के लिए अपना योगदान देने वाली ‘ब्रेस्ट मिल्क डोनर्स’ (स्तन का दूध दान करने वाली माताओं) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नवजात शिशुओं के जीवन को सुरक्षित करने में उनके इस निस्वार्थ और नेक योगदान की सभी उपस्थित लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों, स्टाफ और डोनर्स का उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।







