सभी सुविधाएं होने पर ही सत्यापित किए जाएं मतदान केंद्र : एसडीएम

 #खबर अभी अभी मंडी ब्यूरो*

19 अगस्त 2023

Polling station should be verify after having all facilities
मतदान केंद्र का भवन उचित स्थिति में हो और मतदान के सुचारू संचालन के लिए आयोग के निर्धारित मापदंडों को पूरा करता हो, तभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया जाए। केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी निर्धारित न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि बिना किसी परेशानी के मतदाता अपना वोट डाल सकें।

एसडीएम करसोग कपिल तोमर ने भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार करसोग क्षेत्र में मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन और युक्तिकरण के संबंध में नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में कही। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के लिए कार्य करने के लिए उपयुक्त स्थान होना चाहिए, ताकि कर्मचारी अपने कर्तव्य का निर्वहन कुशलतापूर्वक कर सके

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 22 से 31 अगस्त तक सभी मतदान केंद्रों का सत्यापन और युक्तिकरण का कार्य सुनिश्चित किया जाए। मतदान केंद्र धरातल मंजिल पर स्थापित किए, ताकि वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुविधाजनक हो। उन्होंने कहा कि पेयजल की सुविधा की स्थायी व्यवस्था होनी चाहिए। विकल्प के तौर पर मतदान के दिन पर्याप्त क्षमता वाले पेयजल के बर्तन उपलब्ध करवाएं जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र में पर्याप्त मात्रा में टेबल कुर्सी और बिजली आदि की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें स्थापित करते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रकाश सीधे मतदान केंद्र पर न पड़े। मतदाताओं के मार्गदर्शन के लिए मतदान केंद्र स्थानों के आस-पास और रास्ते में उचित संकेतक लगाए जाने चाहिए।

कहा कि भौतिक सत्यापन के बाद मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और मतदान केंद्र के नए निर्माण के संबंध में प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जिन मतदान केंद्रों में मतदाताओं की संख्या 1,500 से अधिक है, उन्हें पुनर्गठित किया जाएगा। नए मतदान केंद्रों के निर्माण हेतु प्रस्ताव नोडल पदाधिकारी एवं सेक्टर पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।

 #खबर अभी अभी मंडी ब्यूरो*

Share the news