
18 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
ऊना

हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत 7 सितंबर को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाने के साथ इसमें स्वयं भी शामिल होंगे।
वॉकाथॉन के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने मंगलवार को जिला परिषद सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इंदिरा स्टेडियम से शुरू होगी वॉकाथॉन
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 7 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इंदिरा स्टेडियम ऊना से ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ वॉकाथॉन में शामिल होंगे।
वॉकाथॉन का प्रस्तावित रूट इंदिरा स्टेडियम से शुरू होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस इंदिरा स्टेडियम तक रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवाओं और उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की ‘एंटी-चिट्टा शपथ’ भी दिलाएंगे। इसके साथ ही वे युवाओं से संवाद भी करेंगे।
विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी पर जोर
उपायुक्त ने बताया कि वॉकाथॉन में कक्षा 9वीं से कॉलेज के अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को मुख्य लक्षित समूह के रूप में शामिल किया जा रहा है। संबंधित शिक्षण संस्थानों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को चिट्टे और अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले इंदिरा स्टेडियम में पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ पाइनस’ के कलाकार गीत-संगीत के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे।
बेहतर व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
वॉकाथॉन के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ऊना इशांत जसवाल को ओवरऑल नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
संबंधित उपमंडलों के एसडीएम और डीएसपी विद्यार्थियों के आवागमन और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी को इंदिरा स्टेडियम में विद्यार्थियों के प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है।
विभिन्न उपमंडलों से आने वाली बसों के रूट और मूवमेंट के समन्वय एवं निगरानी के लिए जिला पंचायत अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, पीओ डीआरडीए को विद्यार्थियों के खान-पान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर निगम ऊना आयोजन स्थल की सजावट, साफ-सफाई और शहर में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। आयोजन के लिए उद्योग जगत से भी आवश्यक सहयोग लिया जाएगा।
पेयजल, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान
उपायुक्त ने अधिकारियों को आयोजन स्थल पर पर्याप्त पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग को आयोजन स्थल पर हेल्थ पोस्ट स्थापित करने और वॉकाथॉन के दौरान एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस विभाग को यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ प्रस्तावित रूट पर ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग और प्रतिभागियों की सुचारू आवाजाही के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी विभागों को आपसी समन्वय के निर्देश
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को प्रभावी जन-जागरूकता अभियान का स्वरूप देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने भी बैठक में यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री पुलिस मुख्यालय से प्राप्त होगी, जिसे व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।





