हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट: 5 जुलाई तक बिगड़े रहेंगे मौसम के तेवर, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

खबर अभी अभी
शिमला: हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 5 जुलाई तक मौसम खराब रहने की संभावना है। सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अगले कुछ दिनों तक भी तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।

मौसम विभाग ने 2 और 3 जुलाई के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 4 और 5 जुलाई को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

सोमवार को शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, चंबा और हमीरपुर सहित कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, सड़कें बंद होने और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी का खतरा भी बढ़ गया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के पहले सप्ताह में प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो सकता है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Share the news