1.74 करोड़ से बने PHC पंन्द्राणु का शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया लोकार्पण, बोले- ग्रामीणों को घर-द्वार पर मिलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र जुब्बल-नावर-कोटखाई की सीमावर्ती पंचायत पंन्द्राणु में 1 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पब्बर वैली यूथ क्लब पंन्द्राणु द्वारा आयोजित ‘शान-ए-देवघार’ वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में भी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि पंन्द्राणु और किरण क्षेत्र से उनका वर्षों पुराना भावनात्मक रिश्ता है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय ठाकुर राम लाल के समय से ही इस क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाती रही है। उन्होंने कहा कि नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से पंन्द्राणु सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों, उत्तराखंड और चौपाल उपमंडल के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। अब लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

11 नए PHC भवनों का निर्माण अंतिम चरण में

रोहित ठाकुर ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इसी कड़ी में 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं, जिन्हें जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा। इन संस्थानों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

206 नई सड़कों का निर्माण बड़ी उपलब्धि

शिक्षा मंत्री ने पिछले चार वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र में 206 नई सड़कों का निर्माण और पासिंग एक बड़ी उपलब्धि है। वर्तमान में करीब 850 करोड़ रुपये के सड़क और भवन निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। वहीं, किरण क्षेत्र में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से 6 नई सड़कों का निर्माण किया गया है।

युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की अहम भूमिका

‘शान-ए-देवघार’ वॉलीबॉल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए स्थानीय युवक मंडल को बधाई देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल छात्रावासों की संख्या 8 से बढ़कर 12 हो गई है। खेल कोटे के माध्यम से 300 युवाओं को रोजगार मिला है। जुब्बल स्थित स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स में छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं और आठ अलग-अलग खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये कर दी है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सरकार सम्मानित कर रही है।

इस दौरान शिक्षा मंत्री ने फाइनल में पहुंची टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही स्थानीय युवक मंडल को प्रोत्साहन राशि के रूप में 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, पंचायत समिति अध्यक्षा कमलेश झगटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोती लाल सिथटा, तहसील यूनियन कोटखाई के अध्यक्ष गुमान सिंह, कौशल मूंगटा, ब्रिज लाल ठाकुर, राजिंदर गांगटा, राणा महिंदर, ग्राम पंचायत कुड्डू के प्रधान लक्ष्मण चौहान, स्थानीय पंचायत प्रधान सुरजन, उपप्रधान रवि चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबर अभी अभी | शिमला

Share the news