100वें वर्ष में प्रवेश करेगा धर्मशाला कॉलेज, सालभर होंगे सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

4/8/2026
धर्मशाला
खबर अभी अभी

धर्मशाला के ऐतिहासिक राजकीय महाविद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष समारोह पूरे साल मनाया जाएगा। इस दौरान सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह का शुभारंभ पौधारोपण अभियान से किया गया।

धर्मशाला नगर निगम के पूर्व मेयर एवं कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि यह केवल कॉलेज ही नहीं, बल्कि पूरे धर्मशाला शहर के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने बताया कि कॉलेज की स्थापना वर्ष 1926 में हुई थी और वर्ष 2026 में संस्थान अपने 100 वर्ष पूरे कर रहा है।

उन्होंने बताया कि ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ओएसए) ने शताब्दी वर्ष के लिए विस्तृत कार्यक्रम कैलेंडर तैयार किया है। इसके तहत पौधारोपण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन सत्र, सांस्कृतिक आयोजन और विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

देवेंद्र जग्गी ने कहा कि इस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त कर देश-विदेश में अपनी पहचान बनाने वाले पूर्व छात्र भी इन आयोजनों में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कॉलेज के पूर्व छात्र आज डॉक्टर, वैज्ञानिक, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक सेवाओं और कॉरपोरेट जगत सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।

उन्होंने कहा कि ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के साथ-साथ कॉलेज प्रशासन भी शताब्दी वर्ष के दौरान अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री को भी आमंत्रित करने की योजना है।

देवेंद्र जग्गी ने वर्तमान विद्यार्थियों और हाल ही में कॉलेज से पासआउट हुए युवाओं से इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि किसी शिक्षण संस्थान का 100 वर्ष पूरे करना ऐतिहासिक उपलब्धि होती है और ऐसे अवसर विरले ही देखने को मिलते हैं। शताब्दी समारोह पुराने छात्रों को अपनी यादें ताजा करने और नई पीढ़ी को मार्गदर्शन देने का अवसर प्रदान करेगा।

Share the news