संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भाजपा की कलश वंदन यात्रा सोलन पहुंची, सभी मंडलों के लिए हुई रवाना

4/8/2026
सोलन
खबर अभी अभी

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा मंगलवार को सोलन पहुंची। इस दौरान वाराणसी से लाई गई पावन मिट्टी से युक्त कलशों को विधिवत पूजन के बाद जिले के सभी मंडलों के लिए रवाना किया गया।

भाजपा नेताओं ने बताया कि प्रत्येक मंडल से यह पावन कलश यात्रा गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगी। यात्रा का समापन संबंधित क्षेत्रों के शिव मंदिरों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में समरसता, एकता एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश देना है।

इस अवसर पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज मध्यकाल के महान संतों में से एक थे, जिन्होंने समाज को समानता, मानवता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वाराणसी स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली से लाई गई पावन मिट्टी से युक्त कलश भाजपा के सभी मंडलों को सौंपे गए हैं, जो प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचेंगे।

डॉ. सैजल ने कहा कि संत रविदास महाराज के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनकी शिक्षाएं जाति, वर्ग और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस यात्रा के माध्यम से संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह कलश वंदन यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और अखंडता का संदेश देने का एक जनजागरण अभियान है।

Share the news