
धर्मशाला, 17 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक सोमवार को कांगड़ा के उत्सव पैलेस में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की सक्रियता और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल और पायल वैद्य, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज तथा विधायक पवन काजल सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
19 नवंबर को महिलाओं का प्रदर्शन, 1500 रुपये की गारंटी पर सरकार को घेरेगी भाजपा
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की कि 19 नवंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में बड़ी संख्या में महिलाएं कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की कांग्रेस की चुनावी गारंटी को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
डॉ. बिंदल ने प्रदर्शन का नारा देते हुए कहा, “1500 नहीं, 72 हजार चाहिए; चुनिंदा बहनें नहीं, सभी 28 लाख बहनों को अधिकार चाहिए।” उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं की इस मांग को प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से अपनी चुनावी गारंटी पर जवाब मांगेगी।
इस सप्ताह विभिन्न मोर्चों की प्रदेश कार्यसमिति बैठकें
डॉ. बिंदल ने बताया कि संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए विभिन्न मोर्चों की प्रदेश कार्यसमिति बैठकें आयोजित की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर को युवा मोर्चा की बैठक पालमपुर, 19 नवंबर को किसान मोर्चा की बैठक देहरा, 20 नवंबर को अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक पालमपुर, 21 नवंबर को महिला मोर्चा की बैठक ऊना और 22 नवंबर को अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा की बैठक ज्वालामुखी में होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ संगठनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आने वाले दिनों में प्रकोष्ठों का संयुक्त कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
1 से 25 दिसंबर तक सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा सेवादूत अभियान
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में सेवादूत अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और जनसंपर्क को व्यापक बनाने पर काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 51 कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक तैयारियों में जुटी है। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत बूथ संरचना, सक्रिय कार्यकर्ताओं और जनसंपर्क के आधार पर पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी।






