21 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट; 23 अगस्त से मानसून गतिविधियों में कमी

18 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
शिमला

हिमाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मंगलवार को भी शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने 18 अगस्त को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि मंडी, शिमला और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 18 से 21 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा। इसके बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। 23 और 24 अगस्त तक मानसून गतिविधियां काफी सीमित हो सकती हैं।

कुल्लू के कोठी में 71 मिलीमीटर बारिश

मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर, चंबा और सिरमौर में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कुल्लू के कोठी में सबसे अधिक 71 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा कसौली, जोत और धर्मशाला में करीब 30 से 50 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को भी ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

18 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

संदीप शर्मा के अनुसार 18 अगस्त को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मंडी, शिमला और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट है।

उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को मानसून गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है, हालांकि कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

20 और 21 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 22 अगस्त से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है और मध्यवर्ती क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।

23-24 अगस्त से मानसून गतिविधियां होंगी सीमित

मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 अगस्त को मानसून गतिविधियां काफी सीमित हो सकती हैं। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।

तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट

बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। संदीप शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। 21 अगस्त तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मानसून सीजन में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से अब तक हिमाचल प्रदेश में कुल मानसूनी बारिश सामान्य से करीब 10 फीसदी कम रही है। लाहौल-स्पीति में सामान्य से 53 फीसदी और हमीरपुर में 46 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

वहीं कुल्लू और शिमला में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। कुल्लू में सामान्य से करीब 23 फीसदी, जबकि शिमला में करीब 19 फीसदी अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

निचले बादलों से विजिबिलिटी घटने की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया कि शिमला, सिरमौर और सोलन में निचले बादलों के कारण आगामी चार दिनों के दौरान दृश्यता में भारी कमी आ सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा भारी बारिश के दौरान नदियों और स्थानीय नालों में अचानक जलस्तर बढ़ने यानी फ्लैश फ्लड का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और अन्य जल स्रोतों से दूर रहने तथा यात्रा के दौरान राज्य सरकार की ओर से जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।

Share the news