
खबर अभी अभी ,
कुल्लू:
49वां सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव 21 से 23 जून तक ऐतिहासिक लालचंद प्रार्थी कला केंद्र और अटल सदन, कुल्लू में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस सांस्कृतिक आयोजन में कुल्लू जनपद की विभिन्न पाठशालाओं के लगभग 1500 छात्र-छात्राएं भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उत्सव के दौरान 12 विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अटल सदन में शास्त्रीय गायन, नाटक और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि अन्य सभी प्रतियोगिताएं ऐतिहासिक लालचंद प्रार्थी कला केंद्र में संपन्न करवाई जाएंगी।
आयोजक एवं सूत्रधार कला संगम के अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि इस वर्ष के उत्सव में जिले के विभिन्न स्कूलों के बच्चों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में कला, संस्कृति और रचनात्मकता को बढ़ावा देना तथा हिमाचल की लोक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन पिछले कई वर्षों से युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है और जिले के सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।





