48 घंटे में हिमाचल की सभी बंद सड़कें खोलने का दावा, 535 मशीनरी ग्राउंड पर तैनात: विक्रमादित्य सिंह

18 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
शिमला

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण प्रभावित सड़कों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दावा किया कि प्रदेश में वर्तमान में बंद 138 सड़कों को अगले 48 घंटे में खोलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क बहाली के लिए 535 मशीनरी ग्राउंड पर तैनात की गई हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विभाग लगातार प्रभावित सड़कों की स्थिति का अपडेट ले रहा है और प्राथमिकता के आधार पर मार्गों को बहाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क बहाली के साथ किसानों-बागवानों और आम लोगों की आवाजाही को सुचारु रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बिटुमेन के दाम बढ़ने से टारिंग प्रभावित

लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि बिटुमेन के रेट बढ़ने के कारण सड़कों की टारिंग का काम प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ ठेकेदारों ने बढ़ी लागत के चलते काम करने से इनकार किया है। अब मॉनसून के बाद टारिंग का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण बिटुमेन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।

बेहतर सड़कों के लिए टनल निर्माण पर जोर

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में बेहतर और सुरक्षित सड़क संपर्क के लिए टनल निर्माण पर भी ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने PMGSY के कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक भी की।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 294 सड़कों पर काम चल रहा है, जबकि कुछ परियोजनाओं से जुड़े मामले न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण काम में देरी हो रही है।

उन्होंने कहा कि विभाग ने एक ठेकेदार को सात से अधिक काम नहीं देने का निर्णय लिया है। यह मामला न्यायालय में है और विभाग अदालत में मजबूती से अपना पक्ष रखेगा।

बाइट: विक्रमादित्य सिंह, लोक निर्माण मंत्री, हिमाचल प्रदेश

भाजपा की राष्ट्रीय टीम में हिमाचल को प्रतिनिधित्व न मिलने पर उठाए सवाल

विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हिमाचल प्रदेश के किसी नेता को जगह नहीं मिलने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे अच्छा संदेश नहीं जाता।

उन्होंने कहा कि बेहतर होता यदि हिमाचल के किसी नेता को भी भाजपा की राष्ट्रीय टीम में स्थान दिया जाता।

IAS कैडर घटाने के फैसले का किया समर्थन

IAS कैडर कम करने के प्रदेश सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लंबे समय से इस दिशा में काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में अधिकारियों की संख्या जरूरत से अधिक है, जबकि कर्मचारियों की आवश्यकता है। इस संबंध में कैबिनेट सब-कमेटी भी अपनी रिपोर्ट दे चुकी है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता है और सरकार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से प्रदेश के खजाने पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय इसे व्यवस्था सुधार और प्रदेश हित में लिया गया निर्णय समझना चाहिए।

कुलदीप सिंह राठौर के समर्थन में उतरे विक्रमादित्य

कुलदीप सिंह राठौर और केहर सिंह खाची के बीच कथित विवाद को लेकर भी विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कुलदीप सिंह राठौर को मजबूत और अनुभवी नेता बताते हुए उनका समर्थन किया।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुछ जननेताओं को किसी औपचारिक परिचय की आवश्यकता नहीं होती। उनका दशकों का राजनीतिक संघर्ष, संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण ही उनकी पहचान होता है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की राजनीति में कुलदीप सिंह राठौर ऐसा ही सशक्त और प्रतिष्ठित नाम हैं। राठौर की राजनीतिक यात्रा NSUI की छात्र राजनीति से शुरू होकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और AICC के राष्ट्रीय प्रवक्ता तक पहुंची है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि संगठन को सर्वोपरि रखना राठौर की राजनीतिक यात्रा की प्रमुख विशेषता रही है। NSUI के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तक उन्होंने संगठन को मजबूत करने और युवाओं व नए नेताओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि पार्टी के कठिन दौर में कार्यकर्ताओं में जोश और ऊर्जा बनाए रखने में भी राठौर की भूमिका रही है।

Share the news