
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
7 मार्च 2023
शिमला आईजीएमसी की ओपीडी में उपचार के बाद ब्लड सैंपल देने के लिए इस्तेमाल होने वाली विभिन्न रंगों की टेस्ट ट्यूब (वेक्यूटेनर ट्यूब) और सिरिंज अब मरीजों को मुफ्त मिलेगी।
अस्पताल में इस सुविधा के शुरू होने से हजारों मरीजों को लाभ होगा। आईजीएमसी में प्रदेशभर से मरीज उपचार करवाने आते हैं। आईजीएमसी में मरीजों के लिए सोमवार से यह सुविधा शुरू हो गई। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने इसकी पुष्टि की है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में रोजाना तीन हजार से अधिक मरीज चेकअप करवाने आते हैं। मरीजों को पहले लाइन में लगकर टेस्ट के लिए चार से पांच तरह की टेस्ट ट्यूब और सिरिंज मरीजों को 25 से 35 रुपये खर्चे करके खरीदनी पड़ती हैं। इसके बाद दोबारा से जांच के लिए रक्त संग्रह केंद्र के बाहर लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। अब न्यू ओपीडी ब्लॉक में सोमवार को एक काउंटर पर ही मरीजों को सीधे पर्ची दिखाकर ट्यूब दी जा रही है और साथ ही मरीजों को रक्त के सैंपल लिए जा रहे हैं। अस्पताल के लैब कर्मी सुबह 9 से 1 बजे और इसके बाद शाम 4 बजे तक निजी क्रस्ना लैब में सैंपल लिए जाते हैं।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





