
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
9 मार्च 2023
उद्योगपतियों और आम लोगों ने बिजली दरें बढ़ाने के प्रस्ताव का विरोध किया है। यह विरोध मंगलवार को विद्युत विनियामक आयोग के कार्यालय कसुम्पटी में हुई जनसुनवाई के दौरान जताया गया। दरअसल, बिजली बोर्ड ने घाटे का हवाला देते हुए वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 90 पैसे प्रति यूनिट बिजली दरें बढ़ाने का प्रस्ताव आयोग को भेजा है। इसके अलावा उद्योगों सहित हर श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए भी बिजली दरें बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा है।
आपत्तियां और सुझाव लेने के बाद इसी मामले में मंगलवार को आयोग के अध्यक्ष डीके शर्मा ने सुबह 11:00 से लेकर दोपहर 3:00 बजे तक जन सुनवाई की। इसमें उद्योगपतियों समेत 50 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। उपभोक्ताओं की बात सुनने के बाद अब आयोग दरें तय करेगा। 31 मार्च से पहले बिजली दरों की घोषणा होनी है। एक अप्रैल 2023 से नई दरें लागू होंगी।वहीं, जनसुनवाई के दौरान मिले संकेतों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को इस वर्ष प्रतिमाह 300 यूनिट निशुल्क बिजली मिलने के आसार भी नहीं हैं। आयोग और सरकार के बीच अभी तक कोई संवाद नहीं हुआ है। आगामी 20 दिनों में आयोग ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए नई दरों का एलान करना है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट निशुल्क बिजली देने की गारंटी दी थी, लेकिन इसके लिए अभी तक रूपरेखा तक नहीं बनी है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





