
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
10 मार्च 2023

पशुपालन विभाग द्वारा शुक्रवार को ऊना जिला मुख्यालय में भारतीय गोवंश प्रदर्शनी और पशुपालक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर कार्यकारी उपायुक्त एवं एडीसी ऊना डॉ. महेंद्र पाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। डॉ. महेंद्र पाल गुर्जर ने भारतीय गोवंश की प्रदर्शनी का अवलोकन किया उन्होंने जिला में बेहतरीन दुग्ध उत्पादन के लिए रखी गई अच्छी नस्लों की जानकारी हासिल की और पशुपालन विभाग के अधिकारियों को समय-समय पर इनके संवर्धन और संरक्षण के लिए पशुपालकों के साथ नियमित संपर्क में रहने की हिदायत भी दी।
एडीसी ने पशुपालकों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्हें पेश आ रही समस्याओं को जाना। वहीं, दुग्ध उत्पादन के लिए पशुपालकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी ली। इसके बाद जिला परिषद सभागार में आयोजित किए गए जागरूकता शिविर में भी एडीसी डॉ. महेंद्र पाल गुर्जर ने शिरकत की। जागरूकता शिविर के दौरान पशुपालकों को लम्पी वायरस के प्रभावों की जानकारी देने के साथ-साथ इस वायरस से रिकवर हुए पशुओं की देखभाल के बारे में अहम जानकारियां दी गई।
एडीसी डॉ. महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि पशु पालक भारत की अर्थव्यवस्था में अहम रोल अदा करते हैं। जिसके चलते पशुपालकों को सरकार और प्रशासन द्वारा समय-समय पर सहायता के साथ-साथ परामर्श भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर पशुपालकों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया है ताकि पशुपालकों को पशुओं में फैली बीमारियां और गर्मी के मौसम में होने वाली समस्याओं के निदान के बारे में जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए इस शिविर में पशुपालकों को विशेषज्ञों द्वारा जानकारियां दी जा रही हैं।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





