
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
11 मार्च 2023
बिलासपुर शहर में स्थित मछली बाजार को स्थानांतरित करने के लिए वन विभाग की मंजूरी का पेंच फंसा है। जबली के पास नया आधुनिक मछली बाजार बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए मात्स्यिकी विभाग ने 2 बीघा 14 बिस्वा जमीन का चयन किया है। भूमि पर निर्माण करने के लिए वन संरक्षण अधिनियम के तहत वन विभाग से मंजूरी लेने के लिए फाइल भेजी थी। जिस पर आपत्तियां लगी थी। वहीं, अब मत्सय विभाग ने इन आपत्तियों को हटाकर फाइल दोबारा मंजूरी के लिए भेजी है। जबली के पास 2 करोड़ की लागत से होल सेल और रिटेल मार्केट बनाना प्रस्तावित है। इसमें मछली को रखने के लिए कोल्ड स्टोर भी होगा। यहां बर्फ, पानी और बिजली सहित अन्य सभी सुविधाएं रहेंगी। साथ ही यहां पर सफाई का खास ध्यान रखा जाएगा।
इसके अलावा यहां एक ऐसी मशीन लगाई जाएगी, जिससे अपशिष्ट पदार्थ नष्ट किया जा सकें। परिसर में दुकानें और काउंटर होंगे, जिन्हें मछली कारोबारियों को आवंटित किया जाएगा। इसके निर्माण से जहां मछली कारोबारियों को स्थायी ठिकाना मिल जाएगा वहीं, कई तरह के घातक बीमारियों के फैलने की आशंका से मुक्ति भी मिल जाएगी। वर्तमान में बिलासपुर सब्जी मंडी के पास मीट मार्केट में मछली के होल सेल और रिटेल कारोबारी खरीद-फरोख्त होती है। जगह की कमी और अपशिष्ट पदार्थ का निष्पादन करने के साधन नहीं होने से यहां गंदगी पसरी रहती है।
जिले में हर वर्ष 500 मीट्रिक टन से अधिक का मछली का कारोबार किया जाता है। इस कारोबार से जिले के करीब 2300 परिवार जुड़े हुए हैं। आधुनिक बाजार बनने से इन परिवारों को लाभ मिलेगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





