
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
13 मार्च 2023
इटली की मधुमक्खी से परागण प्रबंधन कर हिमाचल के बागवान सेब का 40 फीसदी उत्पादन बढ़ा सकेंगे। राज्य के आठ जिलों के सेब उत्पादकों को परागण के लिए पहली बार सीजन से पहले व्यापक स्तर पर 22 मार्च तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए सेब उत्पादकों को संबंधित ब्लॉक के बागवानी अधिकारियों से संपर्क करना होगा।
जर्मनी की कंपनी के प्रशिक्षित बागवानी विभाग के मास्टर ट्रेनर पहले चरण में करीब आठ हजार बागवानों को प्रशिक्षण देंगे। बागवानी विभाग के अधिकारी बताते हैं कि बागवान अभी तक देसी मधुमक्खियों का इस्तेमाल सेब के बगीचों में परागण के लिए करते रहे हैं। इन मधुमक्खियों का परागण में बेहतर प्रयोग कैसे करेंगे, यह जानकारी अधिकांश बागवानों को नहीं रहती है। देसी मधुमक्खियों की अपेक्षा इटली की मधुमक्खियां परागण में ज्यादा कारगर रहती हैं। बागवानी विभाग के अधिकारी बताते हैं कि सेब के बगीचों में अच्छी पैदावार लेने के लिए एक हेक्टेयर में मधुमक्खियों के तीन बक्से रखने जरूरी रहते हैं। बागवानों को यह भी ध्यान देना होगा कि एक बक्से में 8 से 9 फ्रेम हों। कभी बागवान सिर्फ बक्से देखते हैं और उनमें फ्रेम पूरे नहीं होते। इससे भी परागण में कमी रहती है और सेब पैदावार सही नहीं होती।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





