
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
24 मार्च 2023
सोलन जिले में अब कोरोना वायरस के मामले भी बढ़ना शुरू हो गए हैं। ऐसे में जिला स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। वीरवार को भी जिले में नौ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं अब जिले में सक्रिय मामले 60 हो गए हैं। वहीं बीते चार दिनों में 47 मामले आ चुके हैं। मामलों को बढ़ता देख स्वास्थ्य महकमे ने टेस्टिंग भी बढ़ा दी है और अब 100 से अधिक सैंपल लिए जा रहे हैं। इसी के साथ खांसी, जुकाम, बुखार से भी अधिक पीड़ित लोग अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। इसकी हालात को देखते हुए कोरोना संक्रमण की जांच की तो उनमें से कुछ संक्रमित पाए गए हैं। अस्पताल समेत बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में लोग बिना मास्क के बेपरवाह होकर घूमते रहे हैं। ऐसे में तेजी से फैल रहे वायरस को लेकर आगामी दिनों में स्थिति खराब हो सकती है।
गौर रहे कि जिलेभर में मौसमी परिवर्तन के चलते अस्पतालों में वायरल फीवर के मामले आ रहे हैं। रोजाना अस्पतालों में 50 से 60 मरीजों में वायरल फीवर निकल रहा है। ओपीडी में रोजाना करीब 300 मरीजों की जांच हो रही है। वहीं वायरल मामले बढ़ने के साथ ही रक्त सैंपल जांच के लिए क्रस्ना लैब में भी अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। इससे पहले बच्चों में वायरल फीवर के मामले आ रहे थे, लेकिन अचानक हो रहे मौसम में परिवर्तन के कारण अन्य लोग भी वायरल से ग्रसित हो रहे हैं। इसे देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है। वहीं लोगों से फिर मास्क लगाने का आग्रह किया गया है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





