# नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची जारी |

Congress releases first list of candidates for municipal elections

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की मौजूदगी में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पहली सूची जारी करते हुए कहा कि जल्द ही पार्टी सभी 34 वार्डों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा करेगी।

नगर निगम शिमला चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने निगम के सात वार्डों के लिए प्रत्याशी तय किए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की मौजूदगी में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पहली सूची जारी करते हुए कहा कि जल्द ही पार्टी सभी 34 वार्डों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा करेगी।

पहली सूची के अनुसार टूटीकंडी वार्ड से उमा कौशल, लोअर बाजार से उमंग बंगा, बैनमोर शीनम कटारिया,भट्टाकुफर नरेंद्र ठाकुर, छोटा शिमला सुरेंद्र चौहान, न्यू शिमला कुसुम लता, पटयोग से दीपक रोहाल  को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, पालमपुर नगर निगम के पराला वार्ड से राधा सूद को उमीदवार बनाया है। हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि कांग्रेस पार्टी सरकार के कार्यों पर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जिताऊ उम्मीदवार को अपना प्रत्याशी बना रही है।

भाजपा 12 अप्रैल को नगर निगम शिमला के सभी 34 वार्डों के प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि सभी 34 वार्डों की बैठकें हो चुकी है। 12 अप्रैल को चुनाव समिति की बैठक शिमला में होगी, जिसमें भाजपा के नगर निगम में 34 प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। 13, 17 और 18 अप्रैल को भाजपा प्रत्याशी नामांकन भरेंगे।
विकास थापटा ने थामा भाजपा का दामन

वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर शिमला में समाजसेवी एवं मदद सेवा ट्रस्ट के प्रेस सचिव विकास थापटा को भाजपा की सदस्यता दिलवाई। सुखराम चौधरी ने विकास थापटा का भाजपा परिवार में स्वागत किया।

थापटा ने कहा कि यह उनके जीवन की किसी राजनीतिक दल की प्रथम सदस्यता है। कहा कि भाजपा सारे समाज को एक साथ लेकर आगे बढ़ने का कार्य करती है और जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे समाज के लिए एवं हर वर्ग का ध्यान रखते हुए कार्य किया है। इससे प्रभावित होकर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है।

उन्होंने शिमला मंडल के इंजन घर वार्ड से भाजपा की सदस्यता ग्रहण ही। इस अवसर पर विधायक विनोद कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता रवि मेहता, कार्यालय सचिव प्यार सिंह कंवर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, जिला अध्यक्ष विजय परमार, त्रिलोक कपूर और विजय शर्मा मौजूद रहे।

Share the news