
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
19 अप्रैल 2023

अतीक-अशरफ कांड के तीन दिन बाद बुधवार को प्रयागराज के शाहगंज थाना के 5 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। SIT की पूछताछ के बाद पुलिस विभाग ने ये ऐक्शन लिया है। जिन पर यह कार्रवाई की गई है, उनमें एसओ अश्वनी कुमार सिंह के अलावा दो सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल शामिल हैं।
उधर, तीनों आरोपी शूटर्स लवलेश, सनी और अरुण को प्रयागराज के CJM कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पुलिस को 4 दिन की रिमांड दे दी। पुलिस ने 7 दिन की रिमांड मांगी थी। CJM कोर्ट नंबर 10 में जज दिनेश कुमार गौतम ने रिमांड पर फैसला सुनाया।
SIT तीनों को किसी सीक्रेट प्लेस पर लेकर गई है। उपायुक्त क्राइम सतीश चंद्र, एसीपी सत्येंद्र तिवारी और इंस्पेक्टर ओम प्रकाश तीनों से पूछताछ कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि पुलिस ने इसके लिए 100 सवाल तैयार किए हैं। पुलिस को इन आरोपियों के मोबाइल की तलाश है। इनसे यह पता करने की कोशिश की जाएगी की आखिरी वक्त में ये किन लोगों के संपर्क में थे।
उधर, बुधवार को प्रयागराज पुलिस ने अतीक गैंग के शूटर असाद कालिया को भी गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 50 हजार का इनाम था। असाद कालिया को अतीक गैंग का फाइनेंसर बताया जाता है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।
तीनों हमलावरों को सुबह CJM कोर्ट सख्त सुरक्षा के बीच लाया गया। जांच एजेंसियों को इन पर हमले के इनपुट्स मिले थे। तीनों हमलावरों को 17 अप्रैल को प्रयागराज जेल से प्रतापगढ़ जेल में शिफ्ट किया गया था।
प्रयागराज में कॉल्विन हॉस्पिटल के बाहर 15 अप्रैल की रात करीब साढ़े 10 बजे पुलिस सुरक्षा के बीच गोलियां मारकर अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या का आरोप लवलेश, सनी और अरुण पर है। इसके बाद तीनों ने सरेंडर कर दिया था।
तीनों हमलावरों को पहले प्रयागराज की नैनी जेल में रखा गया था, लेकिन अतीक का एक बेटा अली भी नैनी जेल में है, लिहाजा गैंगवार की आशंका के चलते तीनों हमलावरों को प्रतापगढ़ जिला जेल शिफ्ट कर दिया गया था।
महाराष्ट्र के बीड में गैंगस्टर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद को शहीद बताते हुए पोस्टर लगाए गए हैं। इस पर विश्व हिंदू परिषद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
उमेश पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी गुड्डू मुस्लिम के घर पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) बुलडोजर चला सकता है। PDA ने गुड्डू के घर पर नोटिस चस्पा किया था। इसमें निर्माण को अवैध बताया है। 18 अप्रैल तक इसे हटाने का निर्देश दिया था। साथ ही चेतावनी दी थी कि अगर नहीं हटाया गया तो प्राधिकरण घर गिरा देगा।
गुड्डू मुस्लिम पर 5 लाख का इनाम है। पहले दावा किया गया था कि गुड्डू मुस्लिम की आखिरी लोकेशन कर्नाटक में मिली थी। इसके बाद STF की टीम उसे पकड़ने के लिए नासिक से कर्नाटक गई थी।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





