
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
19 अप्रैल 2023

सुंदरनगर के कांगू गांव की 17 वर्षीय ऋषिता शर्मा भारतीय नौसेना में सैनिक बनी है। इस उपलब्धि के साथ मंडी जिला में ऋषिता शर्मा को पहली महिला नौसैनिक होने का गौरव हासिल हुआ है। 16 माह के कड़े प्रशिक्षण के बाद गांव पहुंचने पर ऋषिता शर्मा का परिजनों व ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया।
पिता विजय शर्मा व माता रजनी शर्मा ने बताया ऋषिता ने महावीर पब्लिक स्कूल से बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद से ही सेना में जाने का मन बना लिया था। स्कूल से पासआउट होने के बाद उसने दिल्ली में परीक्षा दी थी।
परीक्षा पास करने के बाद उसने ओडिशा के आईएनएस चिल्का में कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिप प्रशिक्षण विशाखापटनम से पूरा किया। बुधवार को 15 दिन की छुट्टी पर घर पहुंचने पर दादा दामोदर शर्मा, अजय शर्मा, पंचायत प्रधान कमल ठाकुर, उप प्रधान अजय ठाकुर व महिला मंडल प्रधान तुलसी देवी सहित सभी ने फूल-मालाएं पहनाकर ऋषिता का स्वागत किया।
ऋषिता ने दसवीं कक्षा तक की पढ़ाई मॉडर्न पब्लिक स्कूल कांगू से पूरी की है। विधायक राकेश जम्वाल ने इस उपलब्धि पर ऋषिता शर्मा और उसके परिजनों को शुभकामनाएं दी है।
उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि कांगू की ऋषिता भारतीय नौसेना में चयनित होने वाली मंडी जिला की पहली बेटी बनी है। ऋषिता की इस उपलब्धि से अन्य युवा भी सेना में जाने के लिए प्रेरित होंगे।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





