कालका-शिमला हेरिटेज रैलवे ट्रैक पर मई के पहले सप्ताह से हॉलीडे स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा शुरू

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

20 अप्रैल 2023

कालका-शिमला हेरिटेज रैलवे ट्रैक पर मई के पहले सप्ताह से हॉलीडे स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू होगा। शिमला आने वाली गाड़ियों में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण सीटों की बुकिंग में सैलानियों को दिक्कत पेश आ रही है। सैलानियों को अतिरिक्त सुविधा देने के लिए उत्तर रेलवे एक अतिरिक्त हॉलीडे स्पेशल ट्रेन चलने जा रहा है। कालका-शिमला नैरोगेज ट्रैक पर रोमांचक सफर के लिए सैलानी खासे उत्साहित रहते हैं। कालका और शिमला के बीच 103 सुरंगें सफर को दिलचस्प बनाती हैं। बड़ोग रेलवे स्टेशन पर 33 नंबर बड़ोग सुरंग सबसे लंबी है।

इसकी लंबाई 1143.61 मीटर है। सुरंग क्रॉस करने में टॉय ट्रेन ढाई मिनट का समय लेती है। रेलमार्ग पर 869 छोटे-बड़े पुल हैं। पूरे रेलमार्ग पर 919 घुमाव आते हैं। तीखे मोड़ों पर ट्रेन 48 डिग्री के कोण पर घूमती है। कालका-शिमला रेलमार्ग नैरोगेज लाइन है। इसमें पटरी की चौड़ाई दो फीट छह इंच है। कालका-शिमला रेललाइन के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए यूनेस्को ने जुलाई 2008 में इसे वर्ल्ड हेरिटेज में शामिल किया था। कनोह रेलवे स्टेशन पर ऐतिहासिक आर्च गैलरी पुल 1898 में बना था। शिमला जाते यह पुल 64.76 किमी पर मौजूद है। आर्च शैली में निर्मित चार मंजिला पुल में 34 मेहराबें हैं।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news