दिल्ली की आजादपुर मंडी में सिरमौर का लहसुन, 135 से 160 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

12 मई 2023

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के लहसुन ने दस्तक दे दी है। देशभर में अपनी अलग पहचान के लिए मशहूर सिरमौरी लहसुन वीरवार को दिल्ली की आजादपुर मंडी में 160 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिका। ए ग्रेड लहसुन को दिल्ली की इस मंडी में बीते दिन 135 और 148 रुपये दाम मिले। शुरुआती दौर में ही किसानों को इस प्रमुख व्यावसायिक फसल के अच्छे दाम मिल रहे हैं।

जबकि, पिछले साल किसानों को 70 से 80 रुपये तक प्रति किलो दाम मिलने से मायूसी हाथ लगी थी। इस साल लहसुन ने शुरुआती दौर में ही लंबी छलांग लगाई है।अभी सिरमौर के शिलाई और कफोटा बेल्ट से लहसुन दिल्ली की मंडी पहुंच रहा है। इस समय जिले में फसल तकरीबन तैयार है। कई जगह किसानों ने खोदाई का काम शुरू कर दिया है। कई जगह आढ़ती भी खेतों से ही फसल उठाने के लिए किसानों से संपर्क करने में जुटे हैं।

जिले में उगाए जाने वाले हाईब्रीड लहसुन की दक्षिणी भारत में सबसे ज्यादा मांग है। तमिलनाडु के बडूगा पट्टी और कोच्ची जैसी बड़ी मंडियों में यह काफी मात्रा में बिकता है। वहीं, नेपाल और थाइलैंड को भी प्रदेश का लहसुन निर्यात होता है। सिरमौर में 4,000 हेक्टेयर भूमि में लहसुन की पैदावार हो रही है। यह प्रदेश में सबसे ज्यादा है। इस बार 60,000 मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।

कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि दिल्ली की मंडी में किसानों को लहसुन के अच्छे दाम मिल रहे हैं। अभी शिलाई क्षेत्र की फसल मंडियों में पहुंच रही है। जल्द संगड़ाह, पच्छाद व जिले के अन्य हिस्सों से भी फसल मंडियों में पहुंचेगी। ये जिले की प्रमुख व्यावसायिक फसल है

लहसुन की ग्रेडिंग हाथों के साथ अब मशीनों से भी हो रही है। ग्रेडिंग में ट्रिपल ए को सुपर लहसुन का नाम दिया गया है। जबकि, इससे नीचे की ग्रेडिंग में ए वन यानी डबल ए, फिर मीडियम और गोली सबसे निचले स्तर का लहसुन है।

कफोटा के किसान संदीप कुमार ने बताया कि 10 मई को दिल्ली की आजादपुर मंडी में उनकी फसल 135 रुपये के हिसाब से बिकी। कफोटा क्षेत्र से नेचुरल फार्मिंग से तैयार 16 क्विंटल फसल दिल्ली भेजी गई थी, जिसमें किसान अजय की फसल 135 और डाबरा के चतर सिंह को फसल के 148 रुपये प्रतिकिलो दाम मिले। वीरवार को टिंबी के उदयराम को दिल्ली में फसल के 160 रुपये दाम मिले।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news