
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
4 अगस्त 2023
हिमाचल प्रदेश में छात्रवृत्ति लेने के लिए नियम और सख्त हो गए हैं। अब लाभार्थी विद्यार्थियों के साथ-साथ छात्रवृत्ति के आवेदन सत्यापित करने वाले अधिकारियों के बायोमीट्रिक आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य कर दिए गए हैं। अल्पसंख्यक मंत्रालय की छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए प्रदेश में नई व्यवस्था लागू हुई है। पांच अगस्त से बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया शुरू होगी। ग्राम स्तरीय उद्यमियों की मदद से प्रमाणीकरण किया जाएगा।
शिक्षण संस्थानों में इसके लिए कॉमन सर्विस सेंटर खोले जाएंगे। इस प्रक्रिया को पूरा किए बिना संस्थान स्तर पर वर्ष 2022-23 के लिए आवेदन सत्यापित नहीं हो सकेंगे। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने नई व्यवस्था को लेकर वीरवार को सभी निजी और सरकारी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और स्कूलों के प्रभारियों को पत्र जारी किए हैं। छात्रवृत्ति योजनाओं में होने वाले घोटालों से बचने के लिए अल्पसंख्यक मंत्रालय ने आवेदनों को सत्यापित करने की प्रक्रिया में बदलाव किया है।
इसके अलावा सभी पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों को आधार नंबर से जोड़ने के भी निर्देश दिए हैं। आधार नंबर से नहीं जुड़ने वाले बैंक खातों में छात्रवृत्ति राशि नहीं दी जाएगी। अगर किसी विद्यार्थी की आयु 18 वर्ष से कम होगी तो ऐसे मामलों में अभिभावकों के आधार नंबर बैंक खाते से जोड़े जाएंगे। बायोमीट्रिक आधार प्रमाणीकरण भी अभिभावकों का ही होगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





