# प्रधानाचार्य ने बाल कटवाने को कहा तो छात्र ने जड़े थप्पड़ फिर पिता ने भी पीटे शिक्षक |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

5 अगस्त 2023

फिल्मों में थप्पड़ के दृश्य | Slap scenes in movies - Dainik Bhaskar

ऊना जिला मुख्यालय के साथ लगते एक सरकारी स्कूल में बाल कटवाने के लिए बोलने पर एक छात्र ने प्रधानाचार्य को थप्पड़ जड़ दिए और गला भी घोंट डाला। स्टॉफ सदस्यों ने बीचबचाव कर छुड़वाया। बाद में छात्र अपने पिता के साथ आ धमका। यहां छात्र के पिता ने तीन स्टॉफ सदस्यों की पिटाई  कर डाली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। सूचना मिलने पर शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र चंदेल ने भी स्कूल का दौरा किया और जायजा लिया।

इस मामले में शिक्षा उपनिदेशक ने विभागीय जांच करने की बात कही है। इस घटना से शिक्षक वर्ग में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होने के बाद अब जिले में सरकारी स्कूल सुचारू रूप से खुल गए हैं। इस पर ऊना शहर के साथ लगते सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य ने 12वीं के एक छात्र को बाल कटवा कर स्कूल आने को लेकर नसीहत दी। छात्र ने प्रधानाचार्य की नसीहत मानने से इनकार कर दिया तो उन्होंने थोड़ा सख्त लहजे में अनुशासन रखने को कहा।

इस पर भड़के छात्र ने आनन-फानन में कार्यालय के भीतर प्रधानाचार्य को थप्पड़ जड़ने के बाद गला भी घोंट दिया। इस पर स्कूल प्रधानाचार्य नीचे गिर गए और शोर मचाने पर अध्यापकों ने उन्हें उठाकर पानी पिलाया। इसी बीच छात्र अपना बैग उठाकर घर चला गया। बाद में उक्त छात्र अपने पिता के साथ स्कूल पहुंचा। स्कूल प्रधानाचार्य के अनुसार उक्त व्यक्ति ने स्कूल पहुंचते ही प्रधानाचार्य और अध्यापकों को गालियां देनी शुरू कर दीं और हमला करने की कोशिश करने लगा।
इस पर विद्यालय के तीन अध्यापकों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। उक्त छात्र के पिता ने तीनों अध्यापकों को भी थप्पड़ और घूंसे मारे। घटना के बाद प्रधानाचार्य ने एसएमसी कमेटी, पंचायत के सदस्यों को स्कूल बुलाया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस को भी सूचित कर दिया गया। कुछ ही देर में सिविल वर्दी में पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
इस घटना के बाद स्कूल परिसर में जमघट लग गया। उधर, एसएचओ सदर मनोज ने बताया कि इस मामले में सीआरपीसी की धारा 107/51 के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र चंदेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद स्कूल परिसर का दौरा किया। मामले में विभागीय जांच भी करवाई जाएगी। दोनों पक्षों से बातचीत की जाएगी।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news