184 आपत्तियां, किसी का खसरा नंबर गलत, कुछ के नाम ही गायब

#खबर अभी अभी धर्मशाला ब्यूरो*

19 अगस्त 2023

एयरपोर्ट विस्तारीकरण को लेकर प्रभावित क्षेत्रों के 184 लोगों ने आपत्तियां जताई हैं। जिला प्रशासन के पास दर्ज इन आपत्तियों में एयरपोर्ट की जद में आने वाले लोगों की भूमि के जारी खसरा नंबरों को लेकर हैं। वहीं, कई लोगों ने मुआवजों को लेकर भी आपत्तियां दर्ज करवाई हैं। जानकारी के अनुसार गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण को लेकर प्रक्रिया तेज की है। इस दौरान भूमि अधिग्रहण को लेकर सर्वे हो चुका है, जबकि एयरपोर्ट की जद में आने वाली भूमि की निशानदेही भी हो चुकी है।

इसके अलावा प्रदेश सरकार ने जद में आने वाली भूमि के खसरा नंबरों को भी जारी कर दिया है। जिला प्रशासन ने लोगों से जारी खसरा नंबरों को लेकर आपत्तियां मांगी थीं, जिसके लिए 60 दिन का समय दिया था। इसके चलते जिला प्रशासन के पास अब तक करीब 184 लोगों ने आपत्तियां दर्ज करवाई हैं। इन आपत्तियों में अधिकतर खसरा नंबरों में गलती होने और कई लोगों के नाम खसरा नंबर से गायब होने को लेकर हैं। वहीं, कुछ लोगों ने एक खसरा नंबर से भूमि अधिग्रहण होने के बाद शेष बची थोड़ी सी भूमि को भी अधिग्रहित करने की मांग की है, जबकि कुछेक प्रभावितों ने जमीन के बदले जमीन, अधिगृहीत की जाने वाली जमीन का एक समान मुआवजा आदि शामिल है। जिला प्रशासन के पास पहुंची इन आपत्तियों पर सुनवाई भी साथ-साथ ही हो रही है और लोगों की आपत्तियों का हल करने का प्रयास किया जा रहा है।

विस्तारीकरण की जद में आएंगे नौ पंचायतों के 14 गांव
एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में कांगड़ा और शाहपुर विधानसभा क्षेत्रों से 14 गांव आएंगे। इनमें विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा के तहत बाग, बल्ला, बरस्वालकड़, भेड़ी, ढुगियारी खास, गगल खास, झिकली इच्छी, मुगरेहड़, सहौड़ा और सनौरा गांव आएंगे। इसके अलावा शाहपुर विधानसभा के तहत रछियालु, जुगेहड़, भड़ोत और कियोड़ी गांव जद में आएंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार की अधिसूचना भी जारी हो चुकी है।

1,200 परिवार, 147 हेक्टेयर जमीन जाएगी
अधिसूचना के मुताबिक कांगड़ा एयरपोर्ट के लिए 14 गांवों से 1,200 परिवारों की जमीन अधिग्रहण की जाएगी। अधिसूचना में सरकार ने 1,200 परिवारों की जमीन का ब्योरा भी दिया है, जिससे लोग जान सकें कि उनकी कितनी भूमि अधिग्रहण में जा सकती है। अधिग्रहण के लिए सरकार ने 14 गांवों की सरकारी और निजी करीब 147 हेक्टेयर (करीब 3847 कनाल) जमीन चयनित की है। इसमें 123 हेक्टेयर निजी और सरकारी 24 हेक्टेयर सरकारी भूमि चयनित है।

3,110 मीटर होगी हवाई पट्टी
मौजूदा समय में गगल एयरपोर्ट की हवाई पट्टी 1,370 मीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी है। 2015 में हुए सर्वे के अनुसार 1,700 मीटर होना था। इसके बाद सरकार ने दोबारा सर्वे करवाकर हवाई पट्टी को 1,370 मीटर से बढ़ाकर 2,050 मीटर करने की योजना बनाई। इसके बाद 2,400 मीटर और अब रनवे को 3,110 मीटर करने का प्रस्ताव है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वे हो चुका है।

गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर लोगों की जमीन अधिगृहीत की जानी है। ऐसे में लोगों को भूमि अधिग्रहण और विस्तार से संबंधित आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए जिला प्रशासन ने 60 दिन का समय दिया था। इस दौरान अब 184 लोगों ने अपनी आपत्तियां दर्ज करवाई हैं, जिनका साथ-साथ ही समाधान किया जा रहा है।

#खबर अभी अभी धर्मशाला ब्यूरो*

Share the news