
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
4 सितंबर 2024

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की सुचित्रा महाजन की फिल्म सेकंड चांस का चयन बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए हुआ है। अक्तूबर में हो रहे फिल्म फेस्टिवल में सेकंड चांस का एशियाई प्रीमियर होगा। विंडो टू एशियन सिनेमा श्रेणी में यह फिल्म दिखाई जाएगी। सेकंड चांस फिल्म हिमाचल की संस्कृति और सुंदरता को दिखाती है। फिल्म हिंदी-अंग्रेजी के अलावा कुल्लवी बोली में है। इससे पहले फिल्म यूरोप में एक फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जा चुकी है, जहां दर्शकों ने इसे खूब सराहा। अब फिल्म एशिया के सबसे फिल्म महोत्सव में दिखाई जाएगी।
सेकंड चांस सुचित्रा की पहली फिल्म है। उन्होंने लेखन और निर्देशन किया है। फिल्म में युवा महिला की कहानी है, जो अपने जीवन में विषम परिस्थितियों में अपने परिजनों को खो देती है। वह हिमाचल की खूबसूरत वादियों में स्थित अपने परिवार के ग्रीष्मकालीन घर आती है। वहां उसे प्रकृति की गोद और स्थानीय लोगों के साथ समय बिताकर अपने घाव भरने का मौका मिलता है। फिल्म का ब्लैक-एंड व्हाइट फॉर्मेट कहानी को और खास बनाता है। फिल्म में अभिनय करने वाले कलाकार मनाली से हैं। हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को सही तरीके से दर्शाने के लिए स्थानीय किसानों, गद्दियों और लोगों को फिल्म में लिया गया है। फिल्म में हिमाचल के लोगों की सादगी को बखूबी पर्दे पर दिखाया गया है।





