
खबर अभी अभी | ब्यूरो बेंगलुरु
कृषि विपणन प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और किसानों के हित में सशक्त बनाने के उद्देश्य से एपीएमसी का एक प्रतिनिधिमंडल दक्षिण भारत के अध्ययन दौरे पर है। इस डेलिगेशन का नेतृत्व एपीएमसी अध्यक्ष रोशन ठाकुर कर रहे हैं।
अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि इस प्रतिनिधिमंडल में एपीएमसी सदस्य प्यारेलाल, हुसैन चंद, संजीव ठाकुर, महेश गुप्ता, प्रेम ठाकुर, टेकचंद तथा अधिकारी कुलवंत और पतराम शामिल हैं।
अध्ययन दौरे के तहत आज सुबह डेलिगेशन ने बेंगलुरु स्थित हॉर्टिकल्चरल प्रोड्यूसर्स को-ऑपरेटिव मार्केटिंग एंड प्रोसेसिंग सोसायटी लिमिटेड (HOPCOMS) का दौरा किया। इस दौरान किसानों से सीधे खरीद, आधुनिक विपणन व्यवस्था, कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग तथा उपभोक्ताओं तक ताज़ी सब्ज़ियों की आपूर्ति प्रणाली का गहन अध्ययन किया गया। साथ ही वहां के किसानों द्वारा अपनाई जा रही उन्नत तकनीकों की जानकारी भी ली गई।
कर्नाटक को टमाटर उत्पादन का प्रमुख हब माना जाता है, जबकि हिमाचल प्रदेश में सोलन जिला टमाटर उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। डेलिगेशन ने विशेष रूप से टमाटर की प्रोसेसिंग, भंडारण और विपणन प्रणाली पर अनुभव साझा किया तथा यह जाना कि किस प्रकार इन नवाचारों के माध्यम से किसानों को अधिक लाभ पहुंचाया जा सकता है।
एपीएमसी डेलिगेशन इस अध्ययन से प्राप्त अनुभवों और नवाचारों को प्रदेश की मंडियों में लागू करने की दिशा में प्रयास करेगा, ताकि किसानों को बेहतर मूल्य, आधुनिक सुविधाएं और एक पारदर्शी विपणन व्यवस्था उपलब्ध हो सके।





